मुंबई ,समाजवादी पार्टी के मुंबई /महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद मोहम्मद शाहिद को जेल के प्रभारी अधीक्षक द्वारा प्रताड़ित किये जाने की तरफ ध्यान दिलाया है। आजमी ने आर्थर रोड जेल के प्रभारी अधीक्षक हर्षद अहीरराव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और मोहम्मद शाहिद को इंसाफ देने की अपील मुख्यमंत्री से की है। आजमी ने पत्र में बताया है कि परभणी निवासी मोहम्मद शाहिद (यूनिट क्र -२८६०) पर यूएपीए के अंतर्गत मामला दर्ज है और उसे २४ दिसम्बर २०१८ को औरंगाबाद जेल से आर्थर रोड जेल स्थानांतरित किया गया है। यहां आने के बाद से उसे मुसलमान होने के कारण तरफ तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है। आजमी ने बताया है कि प्रभारी जेल अधीक्षक हर्षद अहीरराव शाहिद से न केवल गाली-गलौच करते हैं ,बल्कि उसके साथ मारपीट भी की जाती है। आजमी ने आगे बताया है कि १७ और ३१ जनवरी को शाहिद के पिता मोहम्मद कादिर अली खान जेल में मिलने आए थे। इस दौरान शाहिद ने प्रताड़ना की जानकारी दी। अतः आजमी ने मुख्यमंत्री से विनती की है कि प्रभारी जेल अधीक्षक हर्षद अहीरराव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और शाहिद को इंसाफ दिलाया जाए|

